रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर-12/सी स्थित बीएसएल के क्वार्टर संख्या 3104 में बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 3.5 लाख रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना बीते 16 जुलाई की रात्रि की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गृहस्वामी वकील प्रसाद मांझी ने बताया कि बीते 15 जुलाई की शाम लगभग 4 बजे वह अपने परिवार के साथ ससुराल गए थे। रात होने के कारण वहीं रुक गए। अगले दिन जब घर लौटे तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा था और उसकी जगह दूसरा ताला लगा दिया गया था। उन्होंने अपनी चाबी से ताला खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुला।
आसपास के रहिवासियों से पूछताछ करने के बाद उन्होंने हथौड़े से ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी, दीवान और अन्य सामान रखने वाली छोटी अलमारी खुली थी तथा पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब हैं।
गृहस्वामी के अनुसार कुल मिलाकर लगभग 3.5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है। घटना की सूचना तत्काल सेक्टर-12 थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि सेक्टर-12 थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है और फिलहाल चोरी गई संपत्ति का अंतिम आकलन किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply