रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 17 जुलाई को आयोजित हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) कार्यक्रम के तहत आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रहिवासियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुल 37 आवेदन प्रस्तुत किए।
बताया जाता है कि जन सुनवाई के दौरान जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए। प्राप्त आवेदनों में भूमि एवं राजस्व, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, विद्युत, आवास और सड़क जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
जिला प्रशासन के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन-प्रशासन और आम रहिवासियों के बीच संवाद व विश्वास को मजबूत बनाना है। साथ ही सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में मामलों के निष्पादन कर आवेदकों को जल्द राहत देने के निर्देश दिए गए। जन संवाद कार्यक्रम में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीपीआरओ रवि कुमार समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply