Advertisement

जनसमस्या को ले गोमिया के पूर्व विधायक ने राज्यपाल से की भेंट

डिग्री कॉलेज में मनोविज्ञान की पढ़ाई शुरू करने व् भूगोल की सीट बढ़ाने की मांग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने झारखंड की राजधानी रांची स्थित लोक भवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर जन समस्याओं से जुड़े विषयों को रखा। उन्होंने राजकीय डिग्री कॉलेज गोमिया से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में पूर्व विधायक ने कहा कि राजकीय डिग्री कॉलेज गोमिया की स्थापना वर्ष 2023 में हुई थी। कॉलेज में मनोविज्ञान विषय में वर्ष 2025 में कुल 31 छात्रों ने नामांकन लिया है। इस वर्ष 20मई को झारखंड सरकार के विभागीय मंत्री एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में डिग्री कॉलेज गोमिया को क्लस्टरिंग सिस्टम से अलग रखने की बात कही गई थी। इसके बावजूद कॉलेज में मनोविज्ञान विषय की पढ़ाई बंद कर दी गई है। इससे इस विषय में इच्छुक छात्र-छात्रा नामांकन से वंचित हो जाएंगे। वहीं भूगोल विषय को लेकर भी समस्या बताई गई। कहा गया कि स्थापना काल 2023 से ही भूगोल में 50 सीटें स्वीकृत थीं। वर्ष 2023 में 67, 2024 में 50 और 2025 में 49 छात्रों ने इस विषय में नामांकन लिया। इसके बावजूद अब भूगोल की सीटें घटाकर 30 कर दी गई हैं। सीटें कम होने से कई छात्र-छात्रा नामांकन से बाहर हो जाएंगे।

पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि राजकीय डिग्री कॉलेज गोमिया में मनोविज्ञान विषय की पढ़ाई पुनः शुरू की जाए। साथ ही भूगोल विषय में सीटों की संख्या बढ़ाकर पुनः 50 की जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके। पूर्व विधायक ने कहा कि गोमिया और आसपास के क्षेत्र के छात्रों के लिए यह कॉलेज शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। विषय बंद होने और सीटें घटने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को दूर जाकर पढ़ाई करनी पड़ेगी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *