रेलवे को 31 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नियम सम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेगा टिकट जांच अभियान निरंतर और प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के कुशल नेतृत्व एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के मार्गदर्शन में बीते 13 जुलाई को रेल मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया और नवगछिया सहित रेल मंडल के अनेक प्रमुख स्टेशनों तथा विभिन्न मेल/एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में टिकट जांच दलों द्वारा सघन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने तथा अन्य टिकट संबंधी अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। विशेष जांच अभियान के दौरान कुल 3,660 मामले दर्ज किए गए, जिससे रेलवे को ₹31,99,897 (इकतीस लाख निन्यानवे हजार आठ सौ सत्तानवे रुपये) का राजस्व प्राप्त हुआ। यह आंकड़ा सोनपुर रेल मंडल द्वारा रेलवे राजस्व की सुरक्षा एवं टिकट जांच व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रमाण है।
सोनपुर रेल मंडल यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं पारदर्शी यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल प्रशासन सभी रेल यात्रियों से अपील करता है कि वे सदैव उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें। कहा गया कि टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार के विशेष मेगा टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे।
![]()













Leave a Reply