अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अपनी नॉन-फेयर रेवेन्यू (एनएफआर) आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। रेल मंडल ने पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 92.19 प्रतिशत की प्रभावशाली बढ़ोतरी हासिल की है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में 26 जून तक सोनपुर रेल मंडल की एनएफआर आय ₹1.23 करोड़ रही, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष (2025-26) की इसी अवधि (25 जून तक) में यह आय मात्र ₹0.64 करोड़ थी। इस उल्लेखनीय उपलब्धि का श्रेय मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के नेतृत्व और टीम के समन्वित प्रयासों को दिया जा रहा है।
सोनपुर रेल मंडल अपनी परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग के जरिए आय के नए अवसर तलाश रहा है। वर्तमान में रेल मंडल को विभिन्न मदों से सालाना बड़ी राशि प्राप्त हो रही है। बताया जाता है कि आउटसाइड पार्किंग (हाजीपुर एवं खगड़िया) से लगभग ₹1.50 करोड़, एनएफआर स्टॉल से लगभग ₹1 करोड़ (सोनपुर, बेगूसराय, खगड़िया एवं नवगछिया), विज्ञापन से ₹98.57 लाख, एटीएम से लगभग ₹50 लाख, रेल कोच रेस्टोरेंट से लगभग ₹36 लाख (हाजीपुर, खगड़िया, बरौनी एवं बेगूसराय) शामिल है।
आय बढ़ाने के उद्देश्य से सोनपुर रेल मंडल ने कई नई व्यावसायिक गतिविधियां भी शुरू की हैं। इनमें बरौनी में मेडिकल शॉप (₹1.08 लाख/वर्ष), नए एनएफआर स्टॉल (₹37 लाख/वर्ष) और शाहपुर पटोरी में रेल कोच रेस्टोरेंट (₹2.01 लाख/वर्ष) जैसी पहल शामिल है। रेलवे प्रबंधन का मानना है कि इन नवाचारों से न केवल राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि यात्रियों को स्टेशन परिसर में आधुनिक और बेहतर सुविधाएँ भी मिल रही हैं। सोनपुर रेल मंडल प्रशासन ने भविष्य में भी पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया और परिसंपत्तियों के अधिकतम उपयोग के माध्यम से वित्तीय सुदृढ़ता को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया है।
![]()













Leave a Reply