एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा की प्रार्थना सभा में 14 जुलाई को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में कराटे बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान द्वारा सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र एवं बेल्ट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामना दी।
जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने बताया कि सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 11वीं के आदित्य अनमोल (येलो बेल्ट से ऑरेंज बेल्ट), कक्षा 10वीं की नेहा कुमारी (येलो बेल्ट से ऑरेंज बेल्ट), कक्षा 9वीं की आदिति कुमारी (येलो बेल्ट से ऑरेंज बेल्ट) तथा आयदा कुमारी (येलो बेल्ट) शामिल रहे। इन विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

उल्लेखनीय है कि कराटे बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा बीते 5 जुलाई को शोकोकान कराटे एसोसिएशन रामगढ़ के तत्वावधान में टेम्पल ऑफ वॉरियर्स में आयोजित की गई थी। विद्यार्थियों की इस सफलता में प्रशिक्षक कमल एवं रूपेश का विशेष मार्गदर्शन रहा। इस अवसर पर झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह प्राचार्य डॉ जी. एन. खान ने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की कला नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और मानसिक दृढ़ता का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच तथा चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की शक्ति विकसित होती है। कहा कि शिक्षा के साथ खेल एवं मार्शल आर्ट्स का संतुलित विकास ही एक सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्हें गर्व है कि उनके विद्यार्थियों ने अपनी लगन और कठिन परिश्रम से यह उपलब्धि अर्जित की है।
कहा कि उन्हें आशा है कि यहां के छात्र-छात्रा भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, अपने परिवार तथा राज्य का नाम रोशन करेंगे। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें हर संभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

सम्मान समारोह कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरीय शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर.एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, बी. के. दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, रंजीता पांडेय, मधुमल्लिका उपाध्याय, संगीत कुमार, विकास सिंह, शुभाशीष चक्रवर्ती सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समारोह के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सम्मानित प्रतिभागियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।
![]()













Leave a Reply