Advertisement

कसमार पुलिस ने दहेज हत्या के फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार पुलिस को तब बड़ी सफलता मिली जब पुलिस ने वर्ष 2021 के चर्चित दहेज हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी को झारखंड–पश्चिम बंगाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को 13 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कसमार थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय सिंह (32 वर्ष), पिता अलकु सिंह, रहिवासी ग्राम सुलोम लहर, थाना कोटशिला, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। आरोपी का ससुराल बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के दांतू में है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी की कथित हत्या करने के आरोप में आरोपी के विरुद्ध कसमार थाना में 28 मार्च 2021 को कांड संख्या 29/21 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए, 302 एवं 304बी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड–पश्चिम बंगाल सीमा पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी में गठित पुलिस टीम का नेतृत्व एएसआई रोजिद आलम कर रहे थे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को 13 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कसमार पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *