Advertisement

अनुसंधान को मिलेगा वैज्ञानिक आधार, बोकारो पुलिस ने 20 थानों को दी अनुसंधान किट

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित बनाने की दिशा में जिला पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है।

जिले के 20 थानों को अनुसंधान (इन्वेस्टीगेशन) किट उपलब्ध कराई गई है। इस किट का उद्देश्य अनुसंधान के दौरान वैज्ञानिक एवं ठोस साक्ष्यों का बेहतर संकलन करना, समयबद्ध तरीके से चार्जशीट दाखिल करना तथा न्यायालय में तथ्य आधारित प्रभावी गवाही सुनिश्चित कर दोषसिद्धि (कन्विक्शन रेट) बढ़ाना है।

पुलिस विभाग का मानना है कि आधुनिक अनुसंधान तकनीकों के उपयोग से अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जिससे दोषियों को सजा दिलाने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने सभी अनुसंधान पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अनुसंधान किट का अधिकतम उपयोग करें और प्रत्येक मामले में वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित अनुसंधान से न्यायिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी तथा आम जनों का पुलिस और न्याय व्यवस्था पर विश्वास भी बढ़ेगा। एसपी ने कहा कि बोकारो पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक मामले का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना और अपराधियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *