अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनपुर इकाई द्वारा बीते 9 जुलाई को संगठन के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत 13 जुलाई को बाबा हरिहरनाथ मंदिर सभा कक्ष में छात्र सम्मेलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विधाओं के परिणाम और सम्मानित विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिसमें मेहंदी व संगीत प्रतियोगिता में सलोनी सिंह ने प्रथम, सलोनी कुमारी ने द्वितीय और प्रीति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में स्नेहा कुमारी ने प्रथम तथा आनंदी कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। निबंध प्रतियोगिता में स्नेहा कुमारी प्रथम, शिवनंदनी द्वितीय और विजया राय तृतीय स्थान पर रही। वहीं फैशन शो प्रतियोगिता में सत्यम कुमार ने प्रथम, कावेरी कुमारी ने द्वितीय और खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अभाविप के प्रांत सह मंत्री यशवंत कुमार ने कहा कि आज का दिन केवल एक संगठन का स्थापना दिवस नहीं है, बल्कि यह उस विचार का उत्सव है जिसने लाखों युवाओं के जीवन को उद्देश्य, दिशा और राष्ट्रसेवा का संकल्प दिया। आज हम विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78 वर्षों की गौरवगाथा का स्मरण कर रहे हैं। वहीं, भाजपा नेता अभय सिंह ने कहा कि हमारी भारतीय ज्ञान परंपरा में शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं माना गया है। हमारे ऋषियों ने शिक्षा को चरित्र निर्माण, समाजोत्थान और राष्ट्र चेतना का आधार माना है।

अभाविप पूर्व विश्वविद्यालय प्रमुख डॉ आशुतोष कुमार ने परिषद के ऐतिहासिक कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठन के इतिहास में चलो चिकन नेक अभियान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के उत्तर-पूर्व को देश के शेष भाग से जोड़ने वाला सिलीगुड़ी कॉरिडोर (चिकन नेक) राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। परिषद ने इस क्षेत्र में अवैध घुसपैठ से जुड़े मुद्दों पर छात्र समाज को जागरूक करने का ऐतिहासिक अभियान चलाया, जिससे सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के पक्ष में जनमत का निर्माण हुआ। पूर्व नगर अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि चरित्रवान विद्यार्थी ही आगे चलकर विकसित भारत का आधार बनेगा। वहीं, प्रदेश सह शिक्षक प्रकोष्ठ सह संयोजक रिकी सिंह ने कहा कि अभाविप ने लाखों ऐसे कार्यकर्ता तैयार किए हैं जिन्होंने शिक्षा, प्रशासन, सेना, न्यायपालिका, विज्ञान, पत्रकारिता, उद्योग, राजनीति और सामाजिक जीवन में उत्कृष्ट योगदान दिया है।
इस भव्य समारोह में मुख्य रूप से राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित अभाविप सारण जिला संयोजक (पूर्वोत्तर रेलवे) कुमारी अनिशा, महाविद्यालय छात्र नेता मोहम्मद नुरैन, धीरज गुप्ता, छात्रा प्रमुख निशा कुमारी, सोशल मीडिया सह संयोजक वर्षा रानी, कला मंच सह संयोजक दीपक कुमार, नगर सह मंत्री राजनंदनी कुमारी, आर्यन कुमार, हर्ष कुमार, राजीव कुमार, अंजली कुमारी, सौम्या यादव सहित लगभग 750 छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply