Advertisement

कोयला चोरी रोकने को ले सीआईएसएफ एवं सीसीएल प्रबंधन की संयुक्त बैठक

प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। केंद्र सरकार की जीरो लीकेज नीति के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 13 जुलाई को बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के चपरी गेस्ट हाउस में सीआईएसएफ एवं सीसीएल की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीआईएसएफ कमांडेंट राज प्रताप सिंह ने कोयला चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सीसीएल से आवश्यकतानुसार जेसीबी एवं ट्रैक्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जहां भी कोयला चोरी से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, वहां सीआईएसएफ तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को पकड़ेगी। साथ ही उन्होंने यह भी आग्रह किया कि एक्ट कॉन्ट्रैवेंशन सर्टिफिकेट शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि संबंधित मामलों में तत्काल अगली कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि कोयला चोरी रोकने के लिए सीआईएसएफ को जो भी आवश्यक सहयोग अपेक्षित होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में सीसीएल प्रबंधन की ओर से ढोरी के परियोजना पदाधिकारी (पीओ), एसडीओसीएम पीओ, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी सुरेश सिंह, माइंस मैनेजर एवं सेल्स ऑफिसर उपस्थित रहे।

वहीं सीआईएसएफ की ओर से उप समादेष्टा (डीसी) गारा अभिलाष, अपर समादेष्टा (एसी) के.वी.ए. श्रीधर, इंस्पेक्टर पी.के. सिंह, सुनील कुमार, एस.आर. नायक तथा सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान दोनों संगठनों ने आपसी समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करते हुए कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण तथा भारत सरकार की जीरो लीकेज नीति को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *