बिहार के उप मुख्यमंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पछियारी पंचायत में गंगा नदी के कटाव और बचाव कार्यों की धीमी गति को लेकर रिंग बांध निर्माण संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल 13 जुलाई को पटना में बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मिला।
समिति ने ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपकर सबलपुर में चल रहे कटावरोधी बोल्डर पिचिंग कार्य की धीमी प्रगति पर चिंता जताई। जानकारी के अनुसार प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तत्काल युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में समिति अध्यक्ष एवं शाहपुर दियारा के पूर्व मुखिया धर्मेंद्र राय, उपाध्यक्ष सह भाजपा सोनपुर दक्षिणी मंडल महामंत्री अविनाश कुमार शर्मा, सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के मुखिया दिनेश राय, सबलपुर उत्तरी पंचायत के मुखिया त्रिभुवन राय तथा नज़रमीरा पंचायत के पूर्व मुखिया पति अखिलेश राय शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने जल संसाधन मंत्री को बताया कि स्वीकृत 16 लूपों में से फिलहाल सिर्फ 6 पर काम चल रहा है। मशीनरी, नावों और श्रमिकों की कमी से कार्य की गति बेहद धीमी है। कहा गया कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से मेगा जियो बैगों के ऊपर 8-10 फीट तक पानी भर गया है, जिससे बोल्डर पिचिंग का काम रुक गया है। ऐसे में फ्लड फाइटिंग कार्य ही एकमात्र विकल्प है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संवेदक विभागीय अभियंताओं के तकनीकी निर्देशों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से काम कर रहा है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्य अभियंता को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सबलपुर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कहा कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख पर आभार जताया और जल्द प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई।
![]()













Leave a Reply