Advertisement

मुरहूल सुदी में एमपीएल का शुभारंभ, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच-डॉ लंबोदर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुरहूल सुदी में 12 जुलाई को पंचायत प्रीमियर लीग का शुभारंभ किया गया। पंचायत की मुखिया सरिता देवी की पहल पर आयोजित मुरहूल सुदी पंचायत प्रीमियर लीग (एमपीएल) का उद्घाटन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया।

उद्घाटन समारोह में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं युवा उपस्थित रहे। उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों ने अनुशासन एवं खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि पंचायत स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिता युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं तथा उन्हें नशामुक्त और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करती हैं।

उन्होंने ग्राम पंचायत मुरहूल सुदी की मुखिया सरिता देवी एवं आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल निश्चित रूप से भविष्य के खिलाड़ियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने का आह्वान किया।

कहा कि मुरहूल सुदी पंचायत प्रीमियर लीग जैसी पहल ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में अत्यंत सराहनीय प्रयास है। खेल युवाओं के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करता है और उनमें अनुशासन, नेतृत्व तथा टीम भावना का विकास करता है। मुझे विश्वास है कि इस प्रतियोगिता से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *