Advertisement

बोकारो में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग, बाइक सवार दो उचक्के फरार; पुलिस ने की नाकेबंदी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2 सी में 12 जुलाई की दोपहर दिन दहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो उचक्कों ने शैलेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना 12 जुलाई की दोपहर लगभग 2:18 बजे हुई। उस समय शैलेंद्र अपने घर से निकलकर सड़क पर टहल रहे थे। इस दौरान बाइक पर सवार दो उचक्के उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।

इधर घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी राजीव रंजन और सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक की पहचान कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे शहर में नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद सेक्टर-2सी और आसपास के इलाकों में रहिवासियों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस ने आमजनों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *