Advertisement

टांगटोना में किशोरियों व् युवा महिलाओं के लिए जीवन कौशल प्रशिक्षण आयोजित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। गैर सरकारी संस्था सहयोगिनी द्वारा 12 जुलाई को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के टांगटोना पंचायत भवन में किशोरियों एवं युवा महिलाओं के लिए जीवन कौशल (लाइफ स्किल) प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरियों एवं युवा महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, भावनात्मक संतुलन तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना था, ताकि वे अपने जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं लेने में सक्षम बन सके।

इस अवसर पर प्रशिक्षक मनोहर कुमार महतो ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ जीवन कौशल का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। केवल डिग्री प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आज के युवाओं को डिजिटल साक्षरता, आलोचनात्मक चिंतन (क्रिटिकल थिंकिंग), प्रभावी संवाद (कम्युनिकेशन) तथा समस्या समाधान जैसे जीवन कौशल से भी लैस होना होगा, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों एवं रोजगार के अवसरों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सके। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में नियमित रूप से भाग लेने तथा सीखी गई बातों को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाने का आग्रह किया।

प्रशिक्षण के दौरान रोल प्ले, समूह चर्चा, प्रश्नोत्तर, अनुभव साझा करने तथा अन्य सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक रूप से सीखने का अवसर प्रदान किया गया। इस दौरान आत्म सम्मान, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम, प्रभावी संवाद, नेतृत्व क्षमता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने जीवन कौशल के दस प्रमुख आयाम आत्म जागरूकता, सहानुभूति, प्रभावी संवाद, पारस्परिक संबंध, रचनात्मक एवं आलोचनात्मक चिंतन, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, भावनाओं का प्रबंधन तथा तनाव प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन कौशल शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, आत्मनिर्भर एवं जागरूक नागरिक बनने की आधारशिला है। उन्होंने किशोरियों से बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने, शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि सहयोगिनी संस्था कसमार प्रखंड के दुर्गापुर, बागदा, टांगटोना एवं खैराचातर पंचायत के 19 गांवों में किशोरियों एवं महिलाओं के नेतृत्व क्षमता विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, जीवन कौशल, सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रत्येक किशोरी एवं महिला को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।

सहयोगिनी की एनिमेटर रेखा देवी ने कहा कि संस्था का प्रयास प्रत्येक किशोरी एवं युवा महिला को नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं आत्मविश्वासी किशोरियां ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी किशोरियों एवं युवा महिलाओं ने शिक्षा जारी रखने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने तथा अपने गांव की अन्य किशोरियों को भी जागरूक एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया। मौके पर सहयोगिनी संस्था की एनिमेटर रेखा देवी, ममता कुमारी, संजना कुमारी, बिंदु कुमारी, आरती कुमारी, सुरभि कुमारी, षष्ठी कुमारी, पूजा कुमारी, परी कुमारी, मधु कुमारी, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में किशोरियां, युवा महिलाएं एवं ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *