Advertisement

प्रतिभा बनीं जिले की सर्वश्रेष्ठ डिजिटाइजेशन करने वाली बीएलओ, कसमार का दबदबा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोकारो जिला के हद में गोमिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कसमार प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या-311 की बीएलओ प्रतिभा देवी को पूरे जिले में सर्वाधिक डिजिटाइजेशन करने वाली बीएलओ ऑफ द डे के रूप में चयनित किया गया। लगातार दूसरे दिन कसमार प्रखंड के बीएलओ को यह सम्मान मिलने से प्रखंड के निर्वाचन कर्मियों में उत्साह का माहौल है।

इस अवसर पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) सह वरीय पदाधिकारी कसमार प्रखंड मो. शफ़ीक़ अंसारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कसमार नरेन्द्र कुमार सिंह ने प्रतिभा देवी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

इस अवसर पर डीपीआरओ सह वरीय पदाधिकारी मो. शफ़ीक़ अंसारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रतिभा देवी ने जिस समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ डिजिटाइजेशन कार्य पूरा किया है, वह अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणा स्रोत है। कहा कि हमारा लक्ष्य है कि बोकारो जिले का प्रत्येक पात्र मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित न रहना पड़े।

सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी नरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि कसमार प्रखंड के बीएलओ लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। सभी बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शत-प्रतिशत सफल हो सके।

जिला मुख्यालय से नियुक्त प्रवेक्षक किशोर कांत ने कहा कि निर्वाचन आयोग का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा। इसके लिए सभी बीएलओ पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। प्रत्येक गणना प्रपत्र का सही सत्यापन और समय पर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। मतदाताओं से भी अपील है कि वे आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराकर इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *