प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। झारखंड की राजधानी रांची के साईं नाथ यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा बोकारो जिला के हद में गोमिया रहिवासी युवती ने प्यार में धोखा मिलने पर आत्महत्या कर ली है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गोमिया की एक होनहार बेटी ने बीते 10 जुलाई की सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान निशा कुमारी के रूप में हुई है। वह गोमिया के करमटिया बस्ती रहिवासी है और रांची के साईं नाथ यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद वही नौकरी कर अपने परिवार की आर्थिक मदद करती थी। वह विश्वविद्यालय के समीप चंदवे में किराये के मकान में रहती थी।
मृतका के भाई साहिल चौहान ने रांची के पिठौरिया थाना में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से कमल किशोर हाजरा ने शादी का झांसा देकर उसकी बहन के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान कई बार उसका गर्भपात भी कराया। दोनों एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते थे।
आवेदन के अनुसार कुछ समय पहले निशा को पता चला कि कमल की शादी किसी अन्य युवती से तय हो गई है। विरोध करने पर कमल ने निशा की बड़ी बहन को फोन कर शादी से इनकार करने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि बीते माह 27 जून को निशा कमल के घर महगामा (गोड्डा) गई थी, जहां उसने उसके पिता से विवाह की गुहार लगाई। आरोप है कि वहां कमल उसके पिता गुरू प्रसाद हाजरा, भाई अमन और अन्य परिजनों ने निशा के साथ मारपीट व् गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ देकर 28 जून को गोड्डा से रांची जाने वाली बस में बैठा दिया गया।
बताया जाता है कि बस में तबीयत बिगड़ने पर बस कंडक्टर ने परिजनों को सूचना दी। निशा को बोकारो के चास स्थित मुस्कान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह 2 दिन आईसीयू में रही। मामले में बोकारो पुलिस ने फर्द बयान भी दर्ज किया था। इसके बाद 8 जुलाई को उसे चंदवे के मकान पर लाया गया।
मृतका के भाई का आरोप है कि इसके बाद कमल ने निशा का नंबर ब्लॉक कर दिया। इससे परेशान होकर बीते 10 जुलाई की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे निशा ने कमरे में फांसी लगा ली। उसी दिन बताया जा रहा है कि कमल के घर उसकी शादी की हल्दी की रस्म चल रही थी। बीते 10 जुलाई की संध्या रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में पोस्टमार्टम के बाद 11 जुलाई को शव पैतृक आवास करमटिया (गोमिया) लाकर मृतका का अंतिम संस्कार किया गया। साहिल ने कमल किशोर हाजरा, पिता गुरू प्रसाद हाजरा, माता, भाई अमन तथा चचेरी बहनों अन्नू और मिन्नू के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
![]()













Leave a Reply