स्वास्थ्य सुरक्षा को ले सौ महिलाओं व बालिकाओं के बीच बांटे गए सैनिटरी पैड
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 11 जुलाई को सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल की गई। महिला कल्याण संगठन सोनपुर के तत्वावधान में आयोजित एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत सोनपुर रेलवे स्टेशन सर्कुलेटिंग एरिया स्थित पार्क में सघन वृक्षारोपण किया गया।
अभियान की शुरुआत सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों और महिला कल्याण संगठन के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से पौधे लगाकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए पौधा लगाने के लिए प्लास्टिक के थैलों का उपयोग न करने की अपील की गई।
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संगठन ने महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर भी बड़ा कदम उठाया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के सदस्यों द्वारा 100 महिला सफाई कर्मचारियों, स्थानीय महिलाओं और गाइड बालिकाओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को शारीरिक स्वच्छता के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता का हमेशा विशेष ध्यान रखना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि महिला कल्याण संगठन सोनपुर हमेशा से जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता रहा है। यह संगठन न केवल रेल कर्मचारियों के परिवारों बल्कि समाज के अन्य वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन करता है। महिलाओं के स्वास्थ्य और समाज की बेहतरी के लिए संगठन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस विशेष अवसर पर महिला कल्याण संगठन की कार्यकारिणी समिति की अन्य सम्मानित सदस्य और रेल अधिकारीगण मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply