एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ग्रामीण क्षेत्र के औद्योगिक उत्पादन प्रतिष्ठान ग्रामीण रहिवासियों के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है। ग्रामीण क्षेत्र की जनता की बेरोजगारी की समस्या को लेकर लोकल सेल कोयला बिक्री की व्यवस्था की गयी थी, लेकिन कुछ तथाकथित कोयला लोकल सेल पर अवैध कब्जा कर गरीब ग्रामीणों की हकमारी कर रहे है। जिसे किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं किया जायेगा।
उक्त बातें राष्ट्रीय जनता दल बोकारो जिला महासचिव नरेश कुमार यादव ने 4 जून की संध्या जिला के हद में कथारा मोड़ में एक भेंट में कही। उन्होंने कहा कि हाल में सीसीएल कथारा क्षेत्र के कथारा कोलियरी से रेलवे रैक से कोयला उठाव का प्रबंधन का निर्णय स्वागत योग्य है, लेकिन इसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार रहिवासियों की अनदेखी पर प्रबंधन को ध्यान देना होगा, अन्यथा मजबूरीवश राजद गरीब गुरबो की आवाज बनकर आंदोलन करने का काम करेगा।
राजद नेता यादव ने कहा कि कथारा वाशरी तथा कोलियरी लोकल सेल में वर्षो से कुछ तथाकथित द्वारा कुंडली जमाकर गरीब ग्रामीण रहिवासियों की हकमारी की जाती रही है, जिसे वे कत्तई बर्दास्त नहीं करेंगे। ऐसे तत्वों को वे चेतावनी देना चाहते है कि गरीबों की आह न ले, अन्यथा इसका परिणाम वैसे तथाकथित को भविष्य में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा प्रभावित क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मुहैया कराये, अन्यथा वे आंदोलन चलाकर आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्य को ठप्प कराने का काम करेंगे। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधन से इस दिशा में पहल करने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply