बुलडोजर राज के खिलाफ जन प्रतिरोध तेज करेगी भाकपा माले-सुरेंद्र
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। जन मुद्दों को लेकर समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर में 4 जून को भाकपा माले ताजपुर प्रखंड कमिटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा-स्वास्थ्य की बदहाल स्थिति तथा बुलडोजर राज के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बतौर पर्यवेक्षक भाकपा माले समस्तीपुर जिला सचिव प्रोफेसर उमेश कुमार ने उपस्थित माले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज कर दमनात्मक नीतियों को बढ़ावा दे रही है। गरीबों, मजदूरों, किसानों और कमजोर तबकों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार द्वारा बुलडोजर की राजनीति की जा रही है, जिसे भाकपा माले बर्दाश्त नहीं करेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जन मुद्दों को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा आम जनता को संगठित कर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। साथ ही ताजपुर में बिजली, सड़क, पानी, राशन, आवास, मनरेगा और किसानों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांग पत्र सौंपा जाएगा। बढ़ते दुष्कर्म-हत्या-अपराध की घटना की निन्दा करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की गई।

बैठक की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में बुलडोजर राज नहीं चलने दिया जायेगा। कहा कि बुलडोजर राज के खिलाफ भाकपा माले जन प्रतिरोध तेज करेगी। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान चलाने तथा आगामी आंदोलनों को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, मो. एजाज, संजीव कुमार राय, मुंशीलाल राय, नीलम देवी, रंजू कुमारी, मुकेश कुमार गुप्ता, शंकर महतो, ललन दास, राजदेव प्रसाद सिंह, जीतेंद्र सहनी समेत अन्य कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा जन संघर्षों को तेज करने पर जोर दिया। साथ ही जून महीने में महिला ऐपवा, युवा संगठन आरवाईए, छात्र संगठन आइसा, किसान महासभा, खेग्रामस आदि संगठनों का विस्तारित बैठक एवं कन्वेंशन कराने का निर्णय लिया गया।
![]()













Leave a Reply