Advertisement

जनता दरबार में 33 से अधिक मामलों की डीडीसी ने की सुनवाई

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय स्थित सभागार में 28 अप्रैल को जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित हम आपको सुनते हैं (जनता दरबार) कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने आम जनता की समस्याओं पर क्रमवार सुनवाई की।

जानकारी के अनुसार जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 33 से अधिक आवेदकों की समस्याओं व् शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया गया। डीडीसी ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में सहकारिता विभाग, चास – चंदनकियारी अंचल, शिक्षा विभाग, राजस्व विवाद, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी मामलों पर क्रमवार सुनवाई करते हुए डीडीसी द्वारा त्वरित समाधान की दिशा में पहल की गई। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया।

इस दौरान प्रखंडो के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की गई। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निष्पादन किया गया। समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित जनता दरबार के मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *