Advertisement

योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार को ले दल नायकों के साथ डीपीआरओ ने की बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय स्थित सूचना भवन में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) रवि कुमार ने नुक्कड़ नाटक दलों के नायकों के साथ 28 अप्रैल को आवश्यक बैठक की। बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, योजनाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए डीपीआरओ रवि कुमार ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में सभी दल नायक विस्तार से जानकारी रखें, ताकि योजनाओं की सही और प्रभावी जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक दल समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं और योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है।

उन्होंने दल नायकों से कहा कि वे विभिन्न योजनाओं से संबंधित संदेशों को रचनात्मक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करें, ताकि आमजन योजनाओं से जुड़ें और उसका लाभ उठा सके। आयोजित बैठक में योजनाओं के प्रचार-प्रसार गतिविधियों को और सशक्त बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभिन्न नुक्कड़ नाटक दलों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *