Advertisement

रिंग रोड रांची में शहीदों के बच्चों के लिए बनेगा आवासीय विद्यालय-हेमंत सोरेन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के प्रोजेक्ट भवन में जैगुआर कैंपस रिंग रोड रांची में प्रस्तावित दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय परिसर के निर्माण को लेकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इसे लेकर उन्होंने बैठक में निर्माण को लेकर नई दिशा निर्देश जारी किए।

जानकारी के अनुसार सीएम हेमंत सोरेन ने 28 अप्रैल को झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। यह बैठक जगुआर कैंपस रिंग रोड रांची में बनने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय परिसर को लेकर की गयी। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने स्कूल की पूरी योजना रखी और बताया कि स्कूल कैसे बनेगा, क्या सुविधाएं रहेंगी और कब तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि स्कूल के लिए जगुआर कैंपस में ही जल्दी जमीन चिन्हित कर ली जाए, ताकि निर्माण का काम समय पर शुरू हो सके।

बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए सीएम को स्कूल के निर्माण से जुड़ी पूरी जानकारी दी। इसमें स्कूल का नक्शा, भवन निर्माण, छात्रावास, खेल मैदान, क्लास रूम और अन्य सुविधाओं को लेकर विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने सीएम को जानकारी दी कि स्कूल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है। जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है।

बैठक में सीएम सोरेन ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि शहीद पुलिसकर्मियों, आर्मी और सीपीएमएफ में काम कर रहे जवानों के बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर मौका मिले। उन्होंने कहा कि जो जवान देश और राज्य की सुरक्षा में लगे हैं, उनके परिवारों को सरकार हर तरह से सहयोग देना चाहती है। इसी वजह से इस स्कूल में शहीद जवानों के बच्चों को खास प्राथमिकता दी जाएगी। कहा कि सरकार की योजना के अनुसार इस स्कूल में कक्षा एक से कक्षा 12 तक पढ़ाई कराई जाएगी। यानी बच्चे शुरू से लेकर इंटर तक इसी स्कूल में पढ़ सकेंगे। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि स्कूल की पढ़ाई ऐसी हो कि बच्चों को बाहर जाने की जरूरत न पड़े और यहीं उन्हें अच्छी शिक्षा मिल सके।

सीएम ने बैठक में कहा कि स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में स्मार्ट क्लास रूम, लाइब्रेरी, आईसीटी लैब और पढ़ाई से जुड़ी आधुनिक व्यवस्था जरूर हो। उन्होंने खेलकूद की सुविधा पर भी ध्यान देने को कहा और निर्देश दिया कि स्कूल में खेल मैदान और बच्चों के लिए जरूरी खेल सामग्री की व्यवस्था हो।

सीएम ने कहा कि कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों के लिए अच्छी आवासीय सुविधा होनी चाहिए। इसके लिए स्कूल परिसर में अलग-अलग हॉस्टल बनाए जाएं, ताकि लड़कों और लड़कियों को रहने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में रहने वाले बच्चों के लिए खाना, सुरक्षा, साफ-सफाई और पढ़ाई का माहौल बेहतर होना चाहिए। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि सिर्फ स्कूल बनाना काफी नहीं है। स्कूल का संचालन भी अच्छे तरीके से हो।

शिक्षक, पढ़ाई का स्तर और बच्चों की देखभाल हर मामले में व्यवस्था मजबूत रहे। कहा कि यह स्कूल राज्य के लिए एक मॉडल स्कूल बनना चाहिए, ताकि बाकी जगहों के लिए भी यह उदाहरण बन सके। मुख्यमंत्री सोरेन ने अधिकारियों को कहा कि जमीन चिन्हित करने से लेकर निर्माण कार्य और स्कूल संचालन तक, हर काम समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह स्कूल राज्य के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जैप-10 होटवार में पुलिस परिवारों के लिए अस्पताल पर चर्चा

बैठक में सीएम ने जैप-10 होटवार रांची में प्रस्तावित अस्पताल को लेकर भी अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि यह अस्पताल पीपीपी मोड पर चलाया जाएगा। शुरुआत में अस्पताल में 50 बेड होंगे और जरूरत पड़ने पर इसे बढ़ाकर 100 बेड तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में इलाज की सुविधा अच्छी होनी चाहिए और वहां विशेषज्ञ डॉक्टर भी मौजूद रहें, ताकि पुलिस परिवारों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग वंदना दादेल, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अजय कुमार सिंह, डीजीपी तदाशा मिश्रा, सचिव स्कूली शिक्षा विभाग उमाशंकर सिंह, एडीजी मुख्यालय सह सीआईडी मनोज कौशिक, डीआईजी जगुआर अनूप बिरथरे, डीआईजी बजट संध्या रानी मेहता समेत कई अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *