एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर शहर के विवेक-विहार मुहल्ला में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय रहिवासी परेशान हैं। चोर बंद घरों को निशाना बनाकर ताला तोड़कर सोना चोरी कर रहे हैं, जबकि अब तक एक भी घटना का मुफस्सिल पुलिस उद्भेदन नहीं कर सकी है। पुलिस अंधेरे में लाठी पीट रही है।
बताया जाता है कि बीते 25-26 अप्रैल की रात्रि अज्ञात चोरों ने विवेक-विहार मुहल्ला रहिवासी पूर्व सैनिक ब्रजकिशोर पांडेय के बंद घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गोदरेज में रखे सोने के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के रहिवासियों में दहशत का माहौल बन गया। ज्ञात हो कि समस्तीपुर में विगत लगभग 5-6 महीने में 4-5 घरों में सोना चोरी एवं छिनतई की घटी घटना से आमजन डरे-सहमे रहने लगे हैं।
बताया जाता है कि पीड़ित पुर्व सैनिक अपने बच्चे की पढ़ाई के सिलसिले में घर बंद कर दिल्ली गये थे। इसी बीच खाली घर पाकर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के भाई ने इस संबंध में स्थानीय थाना को घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित 27 अप्रैल तक दिल्ली से नहीं लौटे हैं।
मौके पर पहुंचे भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मुहल्ले में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों का मनोबल बढ़ गया है। उन्होंने मुफस्सिल पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है, ताकि मुहल्ले के रहिवासियों को राहत मिल सके।
![]()













Leave a Reply