रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतिम चरण में चल रहे डाटा प्रविष्टि कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान बोकारो की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने 27 अप्रैल को कार्यों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया। इस क्रम में उन्होंने पाँच प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) की विस्तार से जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीडीसी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी विभाग समयबद्ध तरीके से त्रुटि रहित एवं शत-प्रतिशत डाटा एंट्री सुनिश्चित करें, ताकि अभियान के उद्देश्यों की सफल प्राप्ति हो सके। उन्होंने विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल देते हुए कहा कि आपसी तालमेल के बिना निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करना संभव नहीं है।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि या लंबित कार्य को तत्काल पूरा करें। साथ ही, डाटा की गुणवत्ता और सटीकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात भी दोहराई गई। मौके पर डीडीसी ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करना बोकारो जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।
![]()













Leave a Reply