Advertisement

भाकपा माले राज्य सम्मेलन की सफलता को लेकर निकाला गया मार्च

माले ने तन-मन-धन से की ताजपुर वासियों से राज्य सम्मेलन को सफल बनाने की अपील

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। दरभंगा के लहेरियासराय प्रेक्षागृह में भाकपा माले के 16 से 18 मई तक आयोजित होने वाले 12वें राज्य सम्मेलन की सफलता को लेकर 26 अप्रैल को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर में कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला।

मार्च ताजपुर के फलमंडी से शुरू होकर विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए बाजार क्षेत्र के गुदरी चौराहा पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने, व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करने तथा न्याय और अधिकार की लड़ाई को तेज करने के नारे लगाए।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि राज्य सम्मेलन में किसानों-मजदूरों, छात्रों-युवाओं तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर आगे की आंदोलनात्मक रणनीति तय की जाएगी। माले नेता आसिफ होदा ने कहा कि बिहार को बुलडोजर राज की प्रयोगशाला बनाने के प्रयासों के खिलाफ व्यापक जन प्रतिरोध खड़ा करने की जरूरत है। इसके लिए गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक अभियान चलाकर सम्मेलन में अधिक से अधिक रहिवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

मार्च में स्थानीय कार्यकर्ता, समर्थक और पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंत में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क, चंदा वसूली अभियान तेज करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आमजनों से तन-मन-धन से राज्य सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की गयी। मौके पर मो. एजाज, ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, जीतेंद्र सहनी, शाद तौहीदी, बसाम तौहीदी, मो. कयूम, बिरजू कुमार, सूरज कुमार, मो. शकील समेत बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *