अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 24 अप्रैल को आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला, जब पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू परिवार सहित बाबा के दरबार पहुंचे।
सोनपुर अनुमंडल न्यायालय परिसर में नए व्यवहार न्यायालय भवन का भूमि पूजन करने के बाद मुख्य न्यायाधीश सीधे बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे और संध्या आरती में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ उनकी माताजी और परिवार के सदस्य तथा कई गणमान्य न्यायाधीश भी मौजूद रहे। सभी ने भगवान हरिहरनाथ के दिव्य श्रृंगार आरती के दर्शन किए।
मंदिर न्यास समिति ने किया सम्मान
इस अवसर पर हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति की ओर से मुख्य न्यायाधीश, उनकी माताजी व अन्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार सिंह, उपकोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सदस्य चंद्र भूषण तिवारी, कृष्णा प्रसाद व् अन्य पुजारियों ने अतिथियों को पुष्प माला, अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

ज्ञात हो कि, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर न केवल प्रमुख तीर्थस्थल है, बल्कि न्यायिक और प्रशासनिक जगत की हस्तियों के लिए भी आस्था का बड़ा केंद्र रहा है। समय-समय पर पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यहां दर्शन के लिए आते रहते हैं। इससे पूर्व न्यायमूर्ति शशिभूषण प्रसाद सिंह ने सपरिवार मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। वहीं न्यायमूर्ति प्रभात कुमार सिंह और पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजय करोल भी बाबा हरिहरनाथ के दरबार में मत्था टेक चुके हैं।
गंगा-गंडक संगम पर स्थित यह प्राचीन मंदिर हरिहर यानी विष्णु और शिव के अद्वितीय स्वरूप का प्रतीक है। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला भी इसी मंदिर से जुड़ा है, जिसके कारण यहां सालभर श्रद्धालुओं और विशिष्टजनों का आगमन होता रहता है।
![]()













Leave a Reply