Advertisement

कानूनी सुविधा व् संविदा नहीं मिलने पर वॉच एंड वार्ड मजदूरों का रेलवे लाइन पर अनशन

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। कानूनी सुविधा और संविदा नहीं मिलने पर विस्थापित वॉच एवं वार्ड मजदूरों द्वारा रेलवे लाइन पर अनशन किया गया। मजदूरों ने अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर अनशन किया।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के डुमरी बिहार से टीटीपीएस तक जाने वाली रेलवे लाइन पर काम कर रहे विस्थापित वॉच एंड वार्ड मजदूरों ने कानूनी सुविधा और संविदा नहीं मिलने के विरोध में 23 अप्रैल को रेलवे लाइन पर बैठकर अनशन किया। मजदूरों ने टीटीपीएस प्रबंधन के समक्ष आठ सूत्री मांगें रखी हैं।

बताया जाता है कि गोमिया-ललपनिया मुख्य मार्ग के बीच से गुजरने वाली 8 किमी लंबी रेलवे लाइन पर विस्थापित मजदूरों ने अनशन किया। यह लाइन सीधे तेनुघाट थर्मल पॉवर स्टेशन (टीटीपीएस) तक जाती है। अनशन पर बैठे मजदूरों ने कहा कि उन्हें संविदा, सीआईएसएफ द्वारा प्रमाणित पहचान पत्र, अति कुशल मजदूर का दर्जा, केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित भत्ता, गार्ड रूम में दरवाजा और लाइट की व्यवस्था, परियोजना द्वारा प्रमाणित वेतन स्लिप, पानी और बाथरूम की सुविधा, रेलवे लाइन में जगह-जगह लाइट की व्यवस्था दी जाए।

अनशन कर रहे मजदूरों का कहना है कि 8 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन पर ड्यूटी के दौरान कोई घटना होने पर प्रबंधन को सूचना देने के बावजूद कोई पहल नहीं की जा रही है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहेंगे। ध्यान देने योग्य है कि विस्थापित मजदूर लंबे समय से कानूनी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *