Advertisement

जेपी सेतु के समानांतर सिक्स लेन पुल में रैंप निर्माण की मांग को ले धरना

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर में सिक्स लेन पुल से रैंप के माध्यम से दियारा वासियों को जोड़ने की मांग को लेकर पुर्व विधायक डॉ रामानुज प्रसाद के नेतृत्व में एक अप्रैल को एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ रामानुज प्रसाद ने दिघा-दियारा रैम्प निर्माण संघर्ष समिति के प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिक्स लेन पुल से रैंप के माध्यम से दियारा वासियों को जोड़ना जायज मांग है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री, क्षेत्रीय अधिकारी और राष्ट्रीय उच्च राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर रैंप निर्माण का आग्रह किया है।

साथ हीं ​सरकार से प्रस्ताव भेजने की अपील की है।
पुर्व विधायक ने कहा कि उन्होंने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री और अपर मुख्य सचिव से भी इस संबंध में भारत सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया है।

उन्होंने आंदोलनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि, सोनपुर क्षेत्र में रैंप निर्माण की इस लड़ाई में मैं आपके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ा हूं और इसे इसके अंजाम तक पहुँचाने का काम करेंगे। बताया गया है कि दिघा-दियारा रैम्प निर्माण संघर्ष समिति के तत्वावधान में गंगा नदी पर जेपी सेतु के समानांतर बन रहे सिक्स लेन पुल से नकटा दियारा (नया टोला) को जोड़ने की मांग अब तेज हो गई है।

अपनी इस मांग को लेकर दियारा वासियों ने नया टोला स्थित गंगा घाट पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन पुल से रैंप या एप्रोच रोड का निर्माण होने से ही दियारा क्षेत्र का सही विकास संभव है।
धरना में शामिल ​संघर्ष समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रैंप निर्माण को लेकर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *