Advertisement

सीआईएल अंतर कंपनी बैडमिंटन प्रतियोगिता में सीसीएल का शानदार प्रदर्शन

निदेशक वित्त व् निदेशक मानव संसाधन ने खिलाड़ियों से भेंट कर किया उत्साहवर्धन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। बीते दिनों आयोजित कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अंतर कंपनी बैडमिंटन प्रतियोगिता में सीसीएल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कंपनी का नाम गौरवान्वित किया है।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं की घोषणा बीते 28 मार्च को की गई। प्रतियोगिता में सीसीएल की महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में उप विजेता (रनर-अप) का स्थान प्राप्त किया। महिला टीम के खिलाड़ियों में पूजा ठाकुर, संयमी निधि, मंजू देवी एवं मालती कुमारी शामिल रहीं, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट समन्वय एवं खेल कौशल का परिचय दिया।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार वरीय खेल प्रबंधक आदिल हुसैन की अगुआई में आयोजित प्रतियोगिता के व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी सीसीएल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। संयमी निधि ने महिला ओपन सिंगल्स वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उप विजेता का स्थान प्राप्त किया, जबकि वेटरन पुरुष ओपन सिंगल्स वर्ग में अविनाश कुमार तिवारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इन उपलब्धियों से यह स्पष्ट है कि सीसीएल के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर हैं।

बताया जाता है कि सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा तथा निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने खिलाड़ियों से भेंटकर उन्हें जीत की बधाई दी और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपने कर्मचारियों को खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए निरंतर प्रेरित करता है, ताकि कर्मचारियों का बहुआयामी विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करते हुए सीसीएल का नाम और अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।

कहा गया कि सीसीएल प्रबंधन कर्मचारियों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और खेल गतिविधियों को स्वस्थ कार्य-संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। सीसीएल टीम की इस उपलब्धि पर कंपनी परिवार में हर्ष का माहौल है तथा सभी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *