एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में 31 मार्च को एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मार्च माह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 5 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके अपने क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 99 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
उक्त जानकारी सीसीएल के जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गयी। बताया गया कि आयोजित समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा की।
ज्ञात हो कि सीसीएल मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में महाप्रबंधक असैनिक (सिविल) शशांक शेखर झा, महाप्रबंधक खनन (माइनिंग) राज कुमार, कॉर्पोरेट अकाउंट्स विभाग के वरीय निजी सहायक बिजॉय कुमार रॉय, पंप ऑपरेटर सिविल (मेंटेनेंस) जीएनसी विभाग अब्दुल जब्बार अंसारी एवं ऑफिस मेंटेनेंस विभाग के ईपी फिटर ग्रेड-डी श्याम किशोर प्रसाद शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र तथा निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के योगदान की सराहना की तथा कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक पूंजी उसके कर्मी होते हैं।
आप सभी ने अपने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से सीसीएल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आपका यह योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने सभी कर्मियों को उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की कामना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। आप सभी ने अपने अनुभव, ज्ञान और कार्यनिष्ठा से कोल इंडिया तथा सीसीएल को सशक्त बनाया है। हमें विश्वास है कि आप अपने जीवन के आगामी चरण में भी इसी ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा ने कहा कि संगठन की प्रगति में प्रत्येक कर्मी का योगदान महत्वपूर्ण होता है। आप सभी ने अपने कार्यकाल में जो अनुभव और ज्ञान अर्जित किया है, वह संगठन की अमूल्य धरोहर है। हमें विश्वास है कि आप अपने जीवन के आगामी चरण में भी उसी समर्पण और सकारात्मकता के साथ समाज में योगदान देते रहेंगे। आयोजित सम्मान सह विदाई समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
![]()













Leave a Reply