रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगियारी मोड़ स्थित वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य कर रही कंपनी के समक्ष स्थानीय ग्रामीणों ने इंटरचेंज निर्माण समेत सात सूत्री मांगों को लेकर 7 मार्च को मांग पत्र सौंपा।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि एक्सप्रेस-वे निर्माण से क्षेत्र के रहिवासियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विकास भी सुनिश्चित होना चाहिए। ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए मांग पत्र की प्रति अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो, जिला परिवहन पदाधिकारी बोकारो तथा उपायुक्त बोकारो को भी भेजी गई है। मांग पत्र में मुख्य रूप से बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज का निर्माण, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, सड़क सुरक्षा की व्यवस्था, सर्विस रोड का निर्माण सहित अन्य जनहित से जुड़ी मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर जेएलकेएम के बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो ने कहा कि बगियारी मोड़ क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य मार्ग है। यहां इंटरचेंज नहीं बनने से राहगीरों को काफी परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर महतो ने कहा कि एक्सप्रेस-वे का निर्माण विकास के लिए जरूरी है, लेकिन स्थानीय रहिवासियों की जरूरतों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कंपनी प्रबंधन और प्रशासन को ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता श्यामल कुमार झा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और रहिवासियों की सुविधा के लिए इंटरचेंज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। मांग पत्र सौंपने वालों में दिलीप कुमार, जनार्दन महतो, अजीत कुमार, सुजीत कुमार महतो (खुदीबेड़ा), अशोक कुमार सिंह, गुनेश्वर महतो, शिवनंदन महतो, दीपक कुमार, चंद्रदेव महतो, सुरेश महतो, राजेंद्र कुमार महतो, किंकर महतो, प्रमोद गोसाईं सहित कई ग्रामीण रहिवासी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply