डुमरी विधायक करेंगे उद्घाटन, समापन समारोह के मुख्य अतिथि आजसू सुप्रीमो होंगे
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर-सिंहपुर स्थित प्रहरी मेला मैदान में आयोजित होने वाले सात दिवसीय प्रहरी मेला की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गयी हैं। आगामी 10 से 16 मार्च तक चलने वाले इस मेले का आयोजन भूतपूर्व सरपंच स्व. सुरेश कुमार जायसवाल की पुण्यतिथि के अवसर पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता के उद्देश्य से किया जाता है।
इस बार प्रहरी मेले को और आकर्षक बनाने के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। मेला समिति के अध्यक्ष घनश्याम महतो, सचिव राजेश कुमार राय, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार जायसवाल एवं व्यवस्थापक रामसेवक जायसवाल ने 7 मार्च को एक भेंट में बताया कि 10 मार्च को शाम 5 बजे पुण्यतिथि समारोह के साथ सुप्रसिद्ध कलाकार मनोज देहाती और कुमार आजम का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम में कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। विशिष्ट अतिथियों में अंचल अधिकारी कसमार नरेंद्र कुमार सिंह, अंचल अधिकारी, बलियापुर (धनबाद) मुरारी नायक, अध्यक्ष, प्रखंड बीस सूत्री समिति कसमार दिलीप कुमार हेंब्रम, थाना प्रभारी, कसमार कुंदन कुमार, ओपी प्रभारी, तेनुघाट भजन लाल महतो तथा सिंहपुर पंचायत की मुखिया मंजू देवी मौजूद रहेंगे।
बताया गया कि उसी दिन शाम 7:30 बजे मेला का विधिवत उद्घाटन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो मुख्य अतिथि तथा जेएलकेएम नेत्री पूजा कुमारी विशिष्ट अतिथि होंगी। कहा गया कि आगामी 11 मार्च को शीतला अष्टमी के अवसर पर कीर्तन प्रतियोगिता के साथ बाल कलाकार अश्विनी कुमार महतो की प्रस्तुति होगी। इस कार्यक्रम में पुलिस इंस्पेक्टर, जरीडीह अंचल शैलेन्द्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि और अंकिता पब्लिक स्कूल जैनामोड़ के निदेशक दिनेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
कहा गया कि 12 मार्च को प्रहरी मेला में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक संध्या में कसमार के समाजसेवी सूरज प्रकाश जायसवाल तथा राष्ट्रीय तीरंदाज सह प्रशिक्षक राज्य तीरंदाजी झारखंड करण कुमार कर्मकार मुख्य अतिथि होंगे। वहीं आगामी 13 मार्च को पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) की टीम द्वारा महिला कुड़माली झूमर की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो मुख्य अतिथि तथा मंजुरा के युवा समाजसेवी प्रकाश कुमार प्रजापति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। जबकि आगामी 14 मार्च को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी मुख्य अतिथि और गोमिया के पुर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो विशिष्ट अतिथि होंगे।
बताया गया कि प्रहरी मेला में आगामी 15 मार्च को संथाली झूमर कार्यक्रम में झारखंड एवं बिहार के पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह तथा जिला परिषद बोकारो की अध्यक्षा सुनीता देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि देव ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ओरमो के निदेशक डॉ अशोक कुमार देव विशिष्ट अतिथि रहेंगे। बताया गया कि आगामी 16 मार्च को नागपुरी स्टार राजेश राज के सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रहरी मेले का समापन होगा। समापन समारोह में झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि तथा गोमिया के पुर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मेला समिति के अनुसार इस बार प्रहरी मेले में मीना बाजार, बड़ा झूला, ब्रेक डांस, जंपिंग, नौका झूला और ट्रेन झूला सहित कई आकर्षक मनोरंजन के साधन लगाए जा रहे हैं। समिति ने क्षेत्र के रहिवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेला में पहुंचकर कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।
![]()













Leave a Reply