Advertisement

मुख्यमंत्री ने परिवार संग नेमरा में मनाया बाहा परब, पूरा गांव आनंदित

एस. पी. सक्सेना/रामगढ़ (झारखंड)। बाहा परब को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन परिवार संग अपने पैतृक गांव रामगढ़ जिला के हद में गोला प्रखंड के नेमरा पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय रहिवासियों के साथ मिलकर बाहा परब में शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने परिवार के साथ गांव के जाहेर थान पहुंचकर पारंपरिक पूजा की तथा राज्यवासियों की खुशहाली की कामना की। ग्रामीण परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री ने जाहेर थान में पूजा-अर्चना की। हाथ में फूलों की माला और चेहरे पर शांत मुस्कान लिए सीएम ने राज्यवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूजा कार्य की जिम्मेदारी नाइके बाबा चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा छोटू बेसरा ने निभाई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मुख्यमंत्री सोरेन को अपने बीच देखकर सबका हौसला बढ़ गया। उनका आना रहिवासियों लिए गर्व की बात है। बताया गया कि मुख्यमंत्री जब अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे, तो गांव के रहिवासी ढोल-नगाड़ा, मांदर और गीतों के साथ उनका स्वागत किया। कई बच्चे उत्साह में उछल रहे थे, तो बुजुर्ग हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने भी मौके पर मांदर बजाया, जिससे रहिवासी आनंदित हो गये।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ थे। उनकी धर्मपत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। सीएम ने स्थानीय रहिवासियों से मिलकर उनकी बातें सुनी और उन्हें बहा परब की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने पैतृक गांव की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए ग्रामीणों के साथ त्योहार का आनंद लिया। यह बहा परब ग्रामीणों और मुख्यमंत्री के बीच आपसी आत्मीयता और जुड़ाव का प्रतीक बन गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *