प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो तथा हजारीबाग जिलों के सुदूर क्षेत्रों में समाज में वंचित वर्ग के बच्चों के बीच लगातार शिक्षा का अलख जगा रहे गैर सरकारी संस्था सत्यलोक ने अपने शिक्षा अभियान से जुड़े बच्चों के साथ होली का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ बीते 4 मार्च को बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड मे पिपराडीह सामुदायिक भवन में मनाया।
जानकारी देते हुए सत्यलोक के संस्थापक एस. एन. राय ने 5 मार्च को बताया कि होली के अवसर पर बच्चों के बीच रंग और गुलाल का वितरण किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने शिक्षकों के चरणों में अबीर अर्पित कर सम्मान और श्रद्धा व्यक्त की तथा आपस में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। रंगों से सराबोर बच्चों के चेहरे उनकी खुशी और उत्साह को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सत्यलोक संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के लिए सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों से भी उन्हें जोड़ना है। यह आयोजन इसी दिशा में एक सार्थक पहल रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के समर्पित सदस्यों में रवि रंजन, सुबोध, नंदिनी, चांदनी, पलक, झलक, प्राची एवं कल्याणी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने सभी सहयोगियों, शिक्षकों और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि सत्यलोक संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
![]()













Leave a Reply