Advertisement

गुवा बाजार में कैंपर दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचा चालक

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा बाजार में 5 मार्च को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कैंपर गाड़ी संख्या-JH06F/9719 अनियंत्रित होकर सार्वजनिक शौचालय को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। घटना के समय वाहन चला रहे चालक बाल-बाल बच गया। वहीं शौचालय के समीप खेल रही एक बच्ची भी समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट गई, जिससे उसकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैंपर काफी तेज गति में थी। रहिवासियों का कहना है कि चालक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वाहन चला रहा था, जिसके कारण उसने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे शौचालय की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय रहिवासी मौके पर जुट गए। कुछ देर के लिए बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक नशे में था या नहीं।

बताया जा रहा है कि उक्त कैंपर सेल (SAIL) में संचालित है। दुर्घटना में सार्वजनिक शौचालय को काफी क्षति पहुंची है। स्थानीय रहिवासियों ने बाजार क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *