एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के. बी. कॉलेज बेरमो के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार विश्व युवा मीट के झारखंड राज्य टीम के टीम लीडर बनाए गए। डॉ प्रभाकर पहली बार अंतर्राष्ट्रीय मंच पर झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जानकारी के अनुसार कर्नाटक की राजधानी बैंगलोर स्थित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) क्षेत्रीय निदेशालय में आगामी 24 से 26 मार्च तक तीन दिवसीय विश्व युवा मीट का आयोजन किया जाना है। यह आयोजन कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय बैंगलोर में आयोजित हो रहा है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय मंच भारत और अन्य विभिन्न देशों से 350 युवा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
के. बी. कॉलेज बेरमो के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर को झारखंड राज्य का टीम लीडर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा बनाया गया है। वे विनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी के दो छात्र देवशरण महतो व् संदीप रविदास (दोनों स्नातकोत्तर विभाग), दो छात्रा एसएसएलएंडटी कॉलेज धनबाद की उत्कर्षा चौधरी व् गुरु नानक कॉलेज धनबाद की गौरी चमारिया और विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के एक छात्र सुजीत कुमार, चतरा कॉलेज की छात्रा अनीसा खलखो कुल छह चयनित वॉलंटियर्स का नेतृत्व करते हुए झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
डॉ प्रभाकर के अनुसार विश्व युवा मीट का उद्देश्य लोकतंत्र और भारत के वैश्विक युवा आवाज को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का लक्ष्य युवा नेताओं के बीच संवाद और नवाचार के लिए साझा मंच प्रदान करना है, जिससे शांति और सुरक्षा, जलवायु और स्थिरता, स्वास्थ्य और कल्याण, डिजिटल भविष्य और एआई, सतत विकास लक्ष्य, मानवाधिकार, शिक्षा एवं विकास जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित करना है।
डॉ प्रभाकर का चयन झारखंड राज्य के टीम लीडर (दल नायक) के रूप में हुआ है। उन्हें झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इसे लेकर के. बी.कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण, प्रोफेसर इंचार्ज गोपाल प्रजापति, डॉ अरुण कुमार रॉय महतो, कार्यालय कर्मी रविंद्र कुमार दास, सदन राम आदि कॉलेज ने हर्ष व्यक्त किया है। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करना निस्संदेह गौरव की बात है।
![]()













Leave a Reply