Advertisement

डीसी ने तिरंदाजी संस्थान का निरीक्षण कर दिया गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी स्थित आवासीय तिरंदाजी प्रशिक्षण संस्थान का जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा द्वारा निरीक्षण किया गया।

बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान डीसी ने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु बच्चों के लिए बने हलुआ का स्वयं स्वाद चखा और स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुणवत्ता से किसी भी हाल में समझौता नहीं होगा।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, आवासीय सुविधाएं, भोजन की गुणवत्ता तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे पूरी एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर सके।

उपायुक्त झा ने प्रशिक्षु बच्चों से संवाद भी किया और उन्हें राज्य व देश का नाम रौशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ शिक्षा में भी समान रूप से सक्रिय भागीदारी जरूरी है, ताकि खिलाड़ी भविष्य में हर क्षेत्र में सफल हो सके। बताया जाता है कि प्रशिक्षण परिसर स्थित पुस्तकालय भवन का भी उन्होंने निरीक्षण किया। शेष बचे कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए उन्होंने बताया कि इसी माह पुस्तकालय का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।

पुस्तकालय का संचालन झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन द्वारा किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान आगामी होली पर्व को देखते हुए डीसी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *