होली आपसी भाईचारा का त्योहार है-वशिष्ठ नारायण सिंह
अनुमंडल प्रशासन द्वारा तेनुघाट में रंगारंग होली मिलन समारोह का आयोजन
ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित अतिथि भवन परिसर में 2 मार्च को रंगारंग होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के दर्जनों प्रशासनिक व् पुलिस अधिकारी शामिल होकर एक दूसरे को होली की बधाई दी।
जानकारी के अनुसार बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुवा तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वशिष्ठ नारायण सिंह के संयुक्त अगुवाई में होली मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम संचालन अधिवक्ता सुभाष कटरियार, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो तथा धन्यवाद ज्ञापन जरीडीह अंचल पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने किया।
होली मिलन समारोह में एसडीओ मुकेश मछुवा ने कहा कि होली में दिल खिल जाते हैं तथा रंगों से रंग मिल जाते हैं। उन्होने कहा कि होली ही एक ऐसा त्योहार है जो तमाम जनों को सारे भेदभाव मिटाने का संकेत देता है। क्योंकि सारे रंग एक हो जातें हैं और असली रंग गायब होकर नया रंग बन जाता है।
एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि होली सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज के दर्पण के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ है। कहा कि आज अनुमंडल के सभी प्रशासनिक पदाधिकारी होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर एक दूसरे के गले मिलकर होली की बधाई दी।
इससे पुर्व अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में एसडीओ एवं एसडीपीओ की अगुवाई में होली, ईद, रामनवमी को लेकर एक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें सभी को यह बताया गया कि त्योहार में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश बरदाश्त नहीं किया जाएगा। अनुमंडल के सभी रहिवासियों से शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गयी।
संयुक्त आदेश जारी कर स्पष्ट किया गया कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, अतः किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सभी रहिवासियों से शांतिपूर्ण एवं मर्यादित तरीके से पर्व मनाने की अपील की है। संयुक्त आदेश में कहा गया कि सभी संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
वहीं पुलिस गश्ती दल लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। इस बाबत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने और शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
कहा गया कि डीजे, तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा अश्लील गीतों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित समय सीमा के बाद लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शराब के नशे में वाहन चलाने, सड़क पर हुड़दंग करने या जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु ट्रैफिक पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है। भ्रामक, अफवाह फैलाने वाले या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
साइबर सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को देने की अपील आमजनों से की गई है। सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर स्थिति का जायजा लें और आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लें। कहा गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। त्योहार के दौरान आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं चिकित्सा व्यवस्था भी अलर्ट मोड में रहेंगी।

अंत में संयुक्त आदेश के माध्यम से आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें तथा होली पर्व को प्रेम, सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ मनाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
अतिथि गृह में आयोजित होली मिलन समारोह के अवसर पर अंचल अधिकारी कसमार, जरीडीह, बेरमो, गोमिया, पेटरवार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बेरमो, पेटरवार, गोमिया, जरीडीह, कसमार, पुलिस निरीक्षक जरीडीह, गोमिया, बेरमो थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार सिंह, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव, थाना प्रभारी आईएल, पेटरवार, गोमिया, जगेश्वर बिहार, तेनुघाट, कथारा ओपी प्रभारी सहित अनुमंडल के सभी प्रशासनिक व् पुलिस पदाधिकारी सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply