सोनपुरा पंचायत के मुखिया दिया एकता और संस्कृति संरक्षण का संदेश
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के सोनहर में एक मार्च को जाहेर गाड़ सरना समिति सोनहर के तत्वावधान में बाहा बोंगा पर्व का आयोजन किया गया।
आयोजित बाहा बोंगा महोत्सव पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया, जिसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुषों और युवाओं ने सांस्कृतिक नृत्य-गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया। इस अवसर पर सोनपुरा पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर हेंब्रम ने कहा कि बाहा बोंगा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आस्था, प्रकृति प्रेम और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। इन्हें सहेजकर रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचानना हम सभी की जिम्मेदारी है। बाहा बोंगा हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हैं। मुखिया ने समिति के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दी और भविष्य में भी इसी तरह समाज हित में कार्य करते रहने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
![]()













Leave a Reply