एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस में 28 फरवरी को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फरवरी माह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 3 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
ज्ञात हो कि इस अवसर पर सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके अपने क्षेत्रीय मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार फरवरी माह सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 123 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई। ज्ञात हो कि सीसीएल मुख्यालय के अलावा सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र से 16, पिपरवार क्षेत्र से 10, अरगडा क्षेत्र से 7, एनके क्षेत्र से 9, राजहरा क्षेत्र से 1, सीडब्लूएस बरकाकाना से 3, कुजू क्षेत्र से 4, हजारीबाग क्षेत्र से 6, बीएंडके क्षेत्र से 10, कथारा क्षेत्र से 23, ढोरी क्षेत्र से 20, रजरप्पा क्षेत्र से 10, गिरिडीह क्षेत्र से 1 तथा केंद्रीय अस्पताल रामगढ़ से एक कर्मी सेवा निवृत्त हुए, जिन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गयी।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार विदाई सह सम्मान समारोह के दौरान मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा की। बताया गया कि मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में एमएंडएस विभाग के लेखपाल ग्रेड ए-वन बृज मोहन रजक, मानव संसाधन विभाग के लिपिक ग्रेड वन गीता सिंह एवं सिक्योरिटी विभाग के हेड सिक्योरिटी गार्ड बंधन उरांव शामिल है।
विदाई सह सम्मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के महाप्रबंधक (अधिकारी स्थापना/कल्याण) संजय ठाकुर उपस्थित रहे। इस अवसर पर ठाकुर ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को उनके जीवन की अगली पारी के लिए शुभकामनाएँ दी तथा कहा कि यह सीसीएल परिवार के लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है कि आप सभी ने पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने सेवाकाल को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। संगठन के प्रति आपकी प्रतिबद्धता और योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के उपरांत भी आप अपने बहुमूल्य अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाज के उत्थान एवं जनकल्याण के कार्यों में करें तथा जीवन के आगामी चरण में धन एवं संसाधनों का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार प्रबंधन करते हुए एक सकारात्मक एवं संतुलित जीवन व्यतीत करें। समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
![]()













Leave a Reply