होली पर्व को लेकर सोनपुर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र में होली में डीजे पर हर हाल में प्रतिबंध रहेगा।
अराजक तत्वों पर निगरानी रखी जायेगी। अनधिकृत रूप से शराब बेचने एवं बनानेवालों के विरुद्ध छापामारी अभियान चलेगा। चौक – चौराहों पर टीम गठित कर वाहन व मोटर साइकिलों की सघन जांच होगी।
अनुमंडल कार्यालय सोनपुर के सभागार में 28 फरवरी को अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा की अध्यक्षता में होली त्योहार की आवश्यक तैयारी को लेकर संपन्न अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपरोक्त निर्णय लिया गया।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं अनुमंडल स्तरीय शान्ति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष आगामी 3 मार्च को रात्रि में होलिका दहन एवं 4 मार्च को होली का त्योहार मनाया जायेगा। बैठक में उपस्थित अनुमंडल स्तरीय शान्ति समिति के सदस्यों से अनुरोध किया गया कि बीते 19 फरवरी से पवित्र रमजान भी प्रारंभ है। रमजान के महीने में ही 3 मार्च को रात्रि में होलिका दहन और 4 मार्च को होली मनाई जायेगी।
बैठक में भाजपा नेता लालबाबू कुशवाहा ने सुझाव देते हुए कहा कि होलिका दहन के समय विशेष सर्तकता बरतने की जरूरत है, क्योकि इस समय आग लगने का ज्यादा भय रहता है। कहा कि होली के दिन सड़को पर विशेष निगरानी रखी जाय। नवयुवकों द्वारा अनियंत्रित तरीके से गाड़ी चलाया जाता है, जिससे अप्रिय घटना होने की सम्भावना बनी रहती है। जिला परिषद सदस्य सुनिल कुमार राय ने बताया कि सोनपुर अनुमंडल के लगभग सभी जगह पर शांतिपूर्ण तरीका से होली आयोजित होता रहा है।
पूर्व मुखिया धर्मेन्द्र राय ने बताया कि होली में दो-तीन दिन विशेष सर्तकता एवं निगरानी बरतने की आवश्यकता है। इस अवसर पर चिन्हित जगहों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि के बीच आपसी समन्वय की भी बात कही गयी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी गश्ती दल द्वारा पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में कुरैया ग्राम पंचायत के मुखिया मो. जामिल अंसारी ने बताया गया कि उनके पंचायत क्षेत्र मे होलिका दहन के दिन आगलगी की घटना घट गई थी, इसलिए इस होलिका दहन के दिन विशेष निगरानी रखने की जरूरत है। सैदपुर दिघवारा के एजाज खान द्वारा होलिका दहन के दिन मस्जिद से दूरी बनाकर होलिका दहन करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में सोनपुर एवं दिघवारा प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रखंड व थाना क्षेत्रों में शान्तिपूर्ण होली पर्व सम्पन्न कराने के लिए दोनों समुदायों के गणमान्य जनों को लेकर शान्ति समिति की बैठक आयोजित करें एवं शान्ति समिति के सदस्यों को शान्तिपूर्ण वातावरण में त्योहार सम्पन्न कराने के लिए दायित्व भी सौंपे। प्रखंड व थाना क्षेत्र में सतत भ्रमणशील रहकर पर्व के दौरान शांति एवं विधि- व्यवस्था बनाये रखने के लिए यथेष्ट प्रशासनिक सर्तकता व सुरक्षामूलक कार्रवाई करना सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष को कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत सघन अभियान चलाकर वाहन व मोटर साईकिल की जांच कराने के लिए चौक – चौराहों पर टीम गठित कर सघन जांच कराएंगे। इसके अलावा होलिका दहन हेतु दहन स्थलों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
![]()













Leave a Reply