Advertisement

सीसीएल सीएसआर के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट रथ को किया गया रवाना

मोबाइल मेडिकल यूनिट रथ से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय द्वारा 30 दिसंबर को एक मोबाइल मेडिकल यूनिट एम्बुलेंस रथ को रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार सीसीएल अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत झारखंड के दूरस्थ एवं वंचित ग्रामीण क्षेत्रों में निवारक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) एम्बुलेंस को रवाना किया।

उक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट रथ को सीसीएल के निदेशक मानव संसाधन हर्ष नाथ मिश्र ने वरिष्ठ अधिकारियों, महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों एवं सीसीएल कर्मियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीसीएल की यह पहल राज्य के खनन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों को समान और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति सीसीएल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

यह मोबाइल मेडिकल यूनिट अत्याधुनिक जांच सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें स्तन कैंसर जांच, एक्स-रे एवं आरटी-पीसीआर के माध्यम से क्षय रोग (टीबी) की जांच, डायबिटीज जांच, सीबीसी, हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुपिंग जैसी आवश्यक लैब जांच सुविधाएं शामिल हैं। यह यूनिट केबीपी परियोजना क्षेत्र के आसपास के गांवों में कार्य करेगी, जिसमें बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड एवं रामगढ़ जिला के हद में मांडू प्रखंड शामिल हैं।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस परियोजना का क्रियान्वयन यूनिक वेलफेयर फाउंडेशन के माध्यम से किया जा रहा है। बताया गया कि यह परियोजना 24 महीनों तक संचालित होगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट सप्ताह में छह दिन कार्य करेगी तथा लगभग 20 गांवों को कवर करेगी, जहां प्रत्येक गांव में महीने में एक बार सेवा प्रदान की जाएगी। परियोजना अवधि के दौरान इससे लगभग 37,000 प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण रहिवासियों को लाभ मिलने की संभावना है।
बताया गया कि सीसीएल प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य रहिवासियों के रोगों की समय पर पहचान, पहचाने गए मामलों का त्वरित रेफरल एवं फॉलो-अप, ग्रामीण क्षेत्रों में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती तथा समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है।

मोबाइल मेडिकल यूनिट रथ रवानगी के अवसर पर अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि सीसीएल स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में सार्थक सीएसआर पहलों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मोबाइल मेडिकल यूनिट अंतिम छोर तक रहने वाले लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *