Advertisement

कार्यसंस्कृति एवं अंतर विभागीय समन्वय को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने 29 दिसंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में सभी कार्यालयों में कार्यसंस्कृति एवं अन्तर विभागीय समन्वय को लेकर बैठक की। बैठक में सभी कार्यालयों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस की प्रणाली को क्रियाशील कर इसका प्रभावी कार्यान्वयन एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वयं जिलाधिकारी भी इसकी नियमित समीक्षा करेंगे, इसके लिये डीआईओ को प्रतिदिन बायोमेट्रिक अटेंडेंस का अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में सभी पदाधिकारियों को विभागीय मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। जनशिकायत से संबंधित आवेदनों का निष्पादन समयबद्ध ढंग से करने का निर्देश दिया गया। विभाग से प्राप्त पत्रों को 48 घंटे के भीतर संचिका में प्रस्तुत करने का निर्देश सभी कार्यालय प्रधान को दिया गया। कहा गया कि सभी प्रधान लिपिक आगत पत्रों का लॉगबुक संधारित करेंगे तथा इसका मासिक प्रतिवेदन जिला स्थापना शाखा को उपलब्ध कराएंगे।

बैठक में न्यायालय व् मानवाधिकार आयोग में संचालित वादों के संदर्भ में ससमय तथ्य विवरणी दाखिल करने तथा वांछित प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया। साथ हीं राशन कार्ड बनाने के लिये प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन एक सप्ताह में सुनिश्चित कराने का निर्देश सभी अनुमंडल पदाधिकारी को दिया गया। विभिन्न परियोजनाओं के लिये किये जा रहे भू-अर्जन के तहत परियोजनावार एवं प्लॉट वार पंचाटी रैयतों की सूची का प्रदर्शन सभी संबंधित अंचल कार्यालयों में सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं भू-अर्जन से संबंधित दस्तावेज प्राप्त करने एवं इससे संबंधित समस्या के निवारण के लिये सभी संबंधित अंचलों में एक स्थायी हेल्प डेस्क को क्रियाशील करने का निर्देश सभी अंचलाधिकारी को दिया गया।

उक्त बैठक में अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था प्रमोद कुमार पांडेय, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि जुड़े थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *