Advertisement

बोकारो में 44 चोरी मामलों का खुलासा, गिरफ्तार 9 आरोपियों में दो नाबालिग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में लगातार हो रही गृहभेदन की घटनाओं का बोकारो पुलिस ने सफल उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 9 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाबालिग और 2 चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोना-चांदी के जेवरात, नगड़ी ₹52,850 सहित पीतल और कांसे के बर्तन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई 44 चोरी की घटनाओं का खुलासा संभव हो पाया है।

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने 28 दिसंबर को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से रहिवासी खौफजदा थे। पुलिस लगातार गश्ती कर रही थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि जिला के हद में चीरा चास थाना क्षेत्र के के.के. सिंह कॉलोनी में कुछ अपराधी घर का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चास एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया।

त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 5 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 2 नाबालिग थे। इसके बाद 4 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी, जिनमें 2 चोरी का सामान खरीदने वाले शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 90 ग्राम सोना (अनुमानित बाजार मूल्य 10 लाख 62 हजार रुपये), 5 किलो 300 ग्राम चांदी (अनुमानित मूल्य 9 लाख 10 हजार रुपये), 52,850 रुपये नगद, मोटरसाइकिल, लैपटॉप, एलईडी टीवी, पीतल व कांसे के बर्तन, मूर्तियां तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

एसपी ने बताया कि इस गिरोह ने बोकारो के विभिन्न थाना क्षेत्रों यथा चीरा चास थाना, बालीडीह ओपी, बालीडीह थाना, चास मुफस्सिल, बीएस सिटी, सेक्टर चार और सेक्टर बारह थाना क्षेत्र में चोरी की 44 घटनाओं को अंजाम दिया था। अकेले चीरा चास थाना क्षेत्र में ही 20 घटनाएं इन्हीं आरोपियों द्वारा की गई थीं। पुलिस के अनुसार यह एक संगठित गिरोह था, जो पहले घरों की रेकी करता था और घर खाली मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के सामान को आरोपी तुरंत स्थानीय दुकानदारों को बेच देते थे। एसपी ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और इनकी गिरफ्तारी से जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *