Advertisement

जयंत सिंह हत्याकांड को ले डीसी कार्यालय के समक्ष धरना व् सीबीआई जांच की मांग

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में बढ़ते अपराध और हाल हीं में हुए जयंत सिंह हत्याकांड के विरोध में 27 दिसंबर को जिला समाहरणालय (डीसी कार्यालय) के समक्ष किसान संग्राम समिति के बैनर तले एकदिवसीय जन आक्रोश धरना आयोजित किया।

धरना का मुख्य उद्देश्य कुख्यात अपराधी विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी को कड़ी सजा दिलाना तथा जयंत सिंह हत्याकांड की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना था।
धरना स्थल पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बोकारो के सेक्टर आठ रहिवासी जयंत सिंह का बीते 10 दिसंबर को अपहरण कर क्रूर तरीके से हत्या कर दी गई।

आरोप है कि इस जघन्य अपराध को मुख्य आरोपी विनोद खोपड़ी और उसके गिरोह ने अंजाम दिया। वक्ताओं ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से लगभग 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बावजूद इसके वह खुलेआम घूमता रहा, जो कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
प्रदर्शनकारियों ने जिले में हत्या, अपहरण, लूट, गोलीबारी और जमीन हड़पने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई।

पुलिस पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि पेशेवर अपराधी बार-बार छूटकर समाज में भय का माहौल बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर आरोपी को रॉबिन हुड की तरह महिमामंडित किया जाना भी बेहद चिंताजनक है।
धरना के दौरान यह आरोप भी लगाया गया कि बीते 16 दिसंबर को हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद बोकारो स्टील सिटी थाना में धरना में शामिल साथियों पर फर्जी प्राथमिकी (कांड संख्या 285/2025) दर्ज की गई, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

प्रदर्शनकारियों ने झारखंड जे मुख्यमंत्री से जयंत सिंह हत्याकांड की सीबीआई जांच, आरोपी और उसके गिरोह की काली संपत्ति जब्त करने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कठोरतम सजा दिलाने, अपराध के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने तथा जिले में बढ़ते अपराध पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *