Advertisement

राष्ट्रपति के आगामी झारखंड दौरे को ले रांची में सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारी तेज

आईजी, उपायुक्त रांची व् एसएसपी द्वारा पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों की संयुक्त Abhishek

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश के सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 से 30 दिसंबर तक झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रांची जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को पूर्णतया चाक-चौबंद बनाया गया है।

रांची के जोनल आईजी मनोज कौशिक, जिला उपायुक्त (डीसी) सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन द्वारा 27 दिसंबर को पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

रांची जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान राष्ट्रपति के रूट, कार्यक्रम स्थलों, सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गईं। विशेष रूप से सड़क मार्ग के प्रमुख चौराहों, कट्स एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

बताया गया कि राष्ट्रपति के झारखंड आगमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संबंधित रूटों पर नो फ्लाई जोन सहित अन्य आवश्यक प्रतिबंध लागू किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो तथा सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हों। इस बीच रांची जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन को दें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *