आगंतुक प्रतिनिधियों ने महिलाओं को उनकी शक्ति का कराया एहसास
प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। विद्या विकास समिति रांची(झारखंड) के निर्देश पर 27 दिसंबर को बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के अंगवाली एवं चलकरी में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में आसपास के रहिवासी महिला-पुरुष शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार जगदीश सिंह स्मारक सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर अंगवाली एवं सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर चलकरी में अपने स्तर पर सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंगवाली में यह स्थानीय विवाह मंडप में आयोजित किया गया। यहां मुख्य अतिथि बतौर उपस्थित बालीडीह सरस्वती विद्या मंदिर की प्राचार्या गीता मिश्रा, बोकारो के सेक्टर थर्ड डी स्कूल की शिक्षिका इंदु पांडेय, विशिष्ट अतिथि चंद्रपुरा की जिला परिषद सदस्या नीतू सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विद्यालय की ओर से शिक्षिकाओं ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत मंच पर स्वागत गान तथा पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन बैंक सखी सुलेखा कुमारी तथा मंच संचालन शिक्षिका तिलोचना ने किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता गीता मिश्रा ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर चर्चा करते हुए उपस्थित महिलाओं से कहा कि उनके भीतर शक्ति का भंडार है, जिसके जरिए वे परिवार, समाज, देश तो क्या पूरे विश्व को बदलने की क्षमता उनमें निहित है।
उन्होंने पुरानी संस्कृति व परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि वे आगामी 2047 में भारत को विश्वगुरु बनाने में अपनी महती भूमिका अवश्य निभाएं। वहीं इंदु पांडेय ने धार्मिक ग्रंथों की चर्चा करते हुए सीता, सावित्री, अनुसुइया आदि के आदर्शो का उदाहरण देते हुए हरेक पारिवारिक कलह से निजात पाने की जो शक्ति माताओं में है, उसे याद कराया। जिला परिषद सदस्या नीतू सिंह ने कहा कि मातृ शक्ति वह शक्ति है, जिनके सहारे बड़े बड़े दानवों का संहार संभव हो पाया है।

मंच पर ग्राम के ऐसे दो परिवार की बुजुर्ग महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिनके परिवार में आज भी सभी भाइयों के परिवार संयुक्त रूप से रह रहे हैं। कहा गया कि गांव के अन्य परिवारों को इनका अनुसरण करने की जरूरत है। सभा को मुखिया धर्मेंद्र कपरदार की पत्नी सरिता देवी, मोनी देवी आदि ने भी संबोधित किया और उपस्थित महिलाओं को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए प्रेरित करने की सलाह दी गयी। साथ ही प्रश्न मंच में महिलाओं से दस प्रश्न पूछे गए। सही जवाब देने वाली प्रथम महिलाओं को तुलसी के पौधे दिये गए।
आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्य युगल किशोर महतो, सजल मैती, बंधन मरांडी, इम्तियाज, शिक्षिका कुसुमलता जायसवाल, संगीता, नंदिनी, शीला, विद्या, रानी भारती, प्रिंसी, गीता आदि सक्रिय रहे। इस क्रम में शिशु/विद्या मंदिर चलकरी में कस्तूरबा विद्या निकेतन ढोरी की रूमी सरकार, सिन्नीडीह की शिक्षिका कुमारी नमिता, बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, सीसीएल बीएंडके क्षेत्र की सहायक प्रबंधक एचआर प्रेक्षा मिश्रा, सुजाता कुमारी, अनुपा कुमारी (सप्तशक्ति संगम), पूर्व मुखिया निशा देवी, वर्तमान मुखिया अकलेश्वर ठाकुर, रुद्रेश्वर शर्मा, मनोहर नायक, हरेंद्र मंडल, प्राचार्य रामकुमार राम, शिक्षक संतन कपरदार, वीरेंद्र नायक, भोला रजक, श्याम कुमार, प्रदीप, पुनीत, निलम, किशन आदि सक्रिय रहे। यहां भी अनेकों महिलाओं को सम्मानित किया गया।
![]()













Leave a Reply