आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता-सीओ
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार अंचल कार्यालय में 26 दिसंबर को जनता दरबार का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने की।
आयोजित जनता दरबार के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे रहिवासियों ने भूमि, दाखिल-खारिज, सीमांकन, आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य अंचल स्तरीय समस्याओं को अंचलाधिकारी के समक्ष रखा।
जनता दरबार में रहिवासियों की समस्या ध्यानपूर्वक सुनते हुए सीओ सिंह ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर से राहत देना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप अंचल कार्यालय जनता के लिए पूरी तरह खुला है और हर शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका निष्पक्ष व् समाधान किया जाएगा। उन्होंने आम जनों से अपील की कि वे किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे अंचल कार्यालय से संपर्क करें और अफवाहों या बिचौलियों से बचें।
रहिवासियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सकारात्मक पहल के लिए अंचलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर दूर दराज से आए दर्जनों फरियादी सहित अंचल निरीक्षक सहदेव दास, सहायक लेखापाल मनोज दास, मदन कुमार महतो, जमील अंसारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply