एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी कथारा के प्रतिभाशाली छात्रों ने खेलो इंडिया के तहत गिरिडीह संसदीय क्षेत्र द्वारा आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।
जानकारी देते हुए 26 दिसंबर को डीएवी कथारा के खेल शिक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा बी. के. दसौंधी ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता बीते 25 दिसंबर को जिला के हद में करगली मैदान में आयोजित किया गया था। जिसमें बालक वर्ग ने खो-खो में प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹10000 की इनामी राशि जीती। वहीं बालिका वर्ग ने खो-खो में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹5000 की इनामी राशि जीती। डीएवी कथारा के वर्ग एकादश के छात्र अभिजीत कुमार ने कबड्डी टीम का हिस्सा बनते हुए ₹1000 की नगद राशि का पुरस्कार पाया।
इतना ही नहीं विद्यालय के ओजस्वी विद्यार्थियों ने बीते 20 दिसंबर को डॉ राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल बोकारो में आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले में अपनी पहचान बनाई है। यह प्रतियोगिता डॉ राधाकृष्ण सहोदया स्कूल परिसर के तहत आयोजित की गई थी। कहा कि प्रतियोगिता में वर्ग एकादश की छात्रा भाग्य पात्रा ने दो पुरस्कार जीते, वहीं पांचवी कक्षा के छात्र सक्षम ने भी एक पुरस्कार अपने नाम किया।
विद्यालय परिसर में 26 दिसंबर की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में उपरोक्त सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान द्वारा सम्मानित व् पुरस्कृत किया गया। सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ खान ने अपने संबोधन में कहा कि इस विद्यालय के विद्यार्थी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते रहे हैं। कहा कि इन पुरस्कारों ने तो डीएवी कथारा की सफलता के सुनहरे पन्नों में और बढ़ोतरी कर दी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विशिष्ट जानकारी देते हुए कहा कि खेलो इंडिया भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण मुहिम है, जिसमें खेलों के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी ज़ोर दिया जाता है। कहा कि यदि देश के हर आयु वर्ग के नागरिक स्वस्थ रहेंगे तो देश का सकल घरेलू उत्पाद बढ़ेगा और हमारा देश वर्ष 2047 तक विश्व के विकसित राष्ट्रों की सूची में शामिल हो सकेगा। उन्होंने कहा कि देश की उन्नति में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यही आने वाला कल हैं और यह चाहें तो हमारा देश विश्व पटल पर अपना नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित कर सकता है।

प्राचार्य ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी शुभकामनाएं दी। साथ हीं कहा कि कला भी व्यक्ति की विशिष्ट पहचान बनाने का एक माध्यम है। आप सभी प्रतिभावान है, निरंतर इसी तरह अपने-अपने क्षेत्र में उत्तरोत्तर प्रगति कर विद्यालय का नाम रोशन करें। पुरस्कार वितरण समारोह का मंच संचालन विद्यालय के सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर.एस. मिश्रा, रंजीत कुमार सिंह, शिव प्रकाश सिंह, राहुल कुमार, मधुमल्लिका उपाध्याय, संजय महतो, जयप्रकाश गिरि, संगीत कुमार, रिया सिंन्हा, ममता पात्रा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply