Advertisement

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में विहिप व् बजरंग दल का आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। पूरे देश में बंगलादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर उबाल देखा जा रहा है। इसी क्रम में 26 दिसंबर को वैशाली जिला के हद में देसरी में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल देसरी इकाई के तत्वावधान में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और निर्मम हत्याओं के विरोध में उफरौल-गाजीपुर चौक पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के खिलाफ रोष जताया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान या किसी भी देश में रहने वाले हिंदू उनके भाई-बहन हैं। उनके साथ हो रही घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। वक्ताओं ने हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बांग्लादेश में कथित तौर पर दीपू दास नामक एक दलित हिंदू युवक की भीड़ द्वारा निर्मम हत्या किए जाने की घटना से देशभर के हिंदुओं में आक्रोश है।

वक्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान हालात में वहां हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसी घटनाओं का संगठन कड़ा विरोध करता है। वक्ताओं ने कहा कि वे इन घटनाओं के खिलाफ देशव्यापी विरोध कर रहे हैं और केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि बांग्लादेश में हो रही घटनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाया जाए तथा वहां की सरकार पर दबाव बनाया जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। प्रदर्शन कार्यक्रम में विहिप–बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *